राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने बिहार के लिए नियुक्त किए दो पर्यवेक्षक, 16 मार्च को होगा मतदान
पटना, 09 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, वहां पार्टी ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।
बिहार की पांच सीटों समेत ओडिशा, हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में होने वाले चुनाव के लिए भाजपा ने अपने पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा ने बिहार के लिए दो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। पार्टी ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को बिहार का पर्यवेक्षक बनाया है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, दोनों नेता राज्यसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया के दौरान बिहार में पार्टी की रणनीति और समन्वय पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही वे पार्टी विधायकों के साथ संवाद स्थापित कर चुनावी तैयारियों को मजबूत करने का काम करेंगे।
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च 2026 को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आज निर्धारित की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

