home page

बांकीपुर उपचुनाव : जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर और भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन

 | 
बांकीपुर उपचुनाव : जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर और भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन


पटना, 13 जुलाई (हि.स.)। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज के सूत्रधार एवं पार्टी उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उनके समर्थन में जुटे। हाथों में जन सुराज के झंडे लिए समर्थकों ने रोड शो निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।

नामांकन से पहले आयोजित रोड शो में समर्थकों ने प्रशांत किशोर के समर्थन में नारेबाजी की। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज सिन्हा का भी रोड शो उसी मार्ग से गुजर रहा था, जिससे कुछ समय के लिए दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। हालांकि, स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

नामांकन दाखिल करने से पहले मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा, आज सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि बिहार में बदलती हुई राजनीतिक तस्वीर का नामांकन है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता पारंपरिक राजनीति से बदलाव चाहती है और जन सुराज उसी परिवर्तन का विकल्प बनकर सामने आया है।

नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने सारण जिले के सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधि-विधान से भगवान हरिहरनाथ का दर्शन कर राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास भी उनके साथ मौजूद रहीं।

वहीं, भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने भी नामांकन से पूर्व पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने नवीन सिन्हा स्मृति पार्क पहुंचकर पूर्व मंत्री नितिन नवीन के पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की और समर्थकों के साथ नामांकन के लिए रवाना हुए।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार के सबसे प्रतिष्ठित और बहुचर्चित चुनावी मुकाबलों में माना जा रहा है। इस सीट पर प्रमुख राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नामांकन के अंतिम दिन विभिन्न दलों के शक्ति प्रदर्शन और रोड शो से चुनावी माहौल और गर्म हो गया। अब सभी की नजरें चुनाव प्रचार और मतदान पर टिकी हैं।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी