home page

(अपडेट) प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' में की सीतामढ़ी की 'वेस्ट टू वेल्थ' पहल की तारीफ़, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

 | 
(अपडेट) प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' में की सीतामढ़ी की 'वेस्ट टू वेल्थ' पहल की तारीफ़, मुख्यमंत्री ने जताया आभार


- बिहार में सीतामढ़ी कचरे की रिसाइकलिंग बेंच बनी वेस्ट टू वेल्थ की मिसाल

पटना, 26 जुलाई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना के जक्कनपुर स्थित भगवान उत्सव हॉल में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण के लाइव प्रसारण में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा बिहार के सीतामढ़ी जिले की प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पहल की सराहना किए जाने को राज्य के लिए गर्व और सम्मान का विषय बताया।

दरअसल, आकाशवाणी पर प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीतामढ़ी में सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण से तैयार की जा रही सिटिंग बेंच की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे से बनी यह बेंच न केवल मजबूत, टिकाऊ और आरामदायक है, बल्कि पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल भी है। यह पहल दर्शाती है कि ‘रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने इसे ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा का शानदार उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों की विशिष्टताओं, नवाचारों और सकारात्मक प्रयासों को सामने लाकर देशवासियों को प्रेरित और प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और जनजीवन से जुड़े विषयों का राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख किया जाना पूरे राज्य के लिए गौरव और सम्मान की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज के कार्यक्रम में सीतामढ़ी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना कर बिहार के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह साबित करता है कि बिहार पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहा है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बिहार में ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा को और अधिक बढ़ावा देगी। इसके लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और पुनर्चक्रण को अपनाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, कृषि उत्पादों, लोक परंपराओं और नवाचारों के माध्यम से देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा इन विशेषताओं और राज्य के सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिए जाने से प्रदेशवासियों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने बिहार की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी