home page

(अपडेट) मुजफ्फरपुर में पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से धमाका, एक व्यक्ति की मौत, छह घायल

 | 
(अपडेट) मुजफ्फरपुर में पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से धमाका, एक व्यक्ति की मौत, छह घायल


- नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से खुदाई में टूटी भूमिगत गैस पाइपलाइन- घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी

मुजफ्फरपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में सोमवार को नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय भूमिगत पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे गैस रिसाव के बाद जोरदार धमाका हुआ। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए हैं।

जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मीडिया को बताया कि मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र की श्रीनगर कॉलोनी, मकान संख्या 1/5 निवासी निवास सिंह (पिता-श्याम नंदन चौधरी) के रूप में हुई है। हादसे में घायल छह लोगों को गोबरसही स्थित निजी आशा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के पिता आबकारी विभाग में दरोगा पद से सेवानिवृत्त हैं और निवास सिंह विज्ञान विषय के कोचिंग संचालक थे। वह स्कूटी से अपने बेटे की फीस जमा करने जा रहे थे, तभी हादसे की चपेट में आ गए।

घायलों की पहचान मुकेश कुमार (20), सोनम कुमारी (36), मोहम्मद अयान (17), रुकसाना खातून (40), विजय राम (32), और विकास कुमार (27) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटनास्थल पर एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव, टाउन-2 के सीडीपीओ दीपक कुमार और जिला अग्निशमन पदाधिकारी प्रज्ञा शरण समेत अन्य अधिकारियों ने स्थिति संभाली। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना पर केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरपुर के सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए इसे अत्यंत दुखद घटना बताया। केंद्रीय मंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता देने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

सांसद ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता, सुरक्षा और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना होना चाहिए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी