कोसी बराज से छोड़ा गया 1.25 लाख क्यूसेक से अधिक पानी, तटवर्ती इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
सुपौल, 11 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के तराई क्षेत्र और कोसी नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने तटबंधों की निगरानी तेज कर दी है। शनिवार शाम को कोसी बराज से 1.25 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, जिससे नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम छह बजे कोसी बराज से कुल 1,25,690 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। इसमें डाउनस्ट्रीम की ओर 1,23,090 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि वेस्टर्न कोसी मेन कैनाल में 2,600 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया गया। ईस्टर्न कोसी मेन कैनाल में इस समय पानी का बहाव शून्य रहा।
कोसी बराज नियंत्रण कक्ष के अनुसार नेपाल के बराह क्षेत्र में शाम छह बजे फॉलिंग डिस्चार्ज 83,750 क्यूसेक दर्ज किया गया। जलस्तर में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोसी बराज तथा तटबंधों की सुरक्षा की लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थलों पर अभियंताओं और कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
प्रशासन ने कोसी नदी के तटवर्ती गांवों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को नदी के किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने, प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को देने को कहा गया है।
जल संसाधन विभाग ने बताया कि कोसी नदी की प्रवृत्ति को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण विभाग तटबंधों की सुरक्षा, जलस्तर की नियमित निगरानी और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

