मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से गूगल इंडिया के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा
पटना, 10 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बुधवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन में गूगल इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट चंदू थोटा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान बिहार में डिजिटल विकास, तकनीकी नवाचार तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी बिहार ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति-2026 की जानकारी देते हुए गूगल को राज्य में अपना ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि बिहार तेजी से डिजिटल परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ रहा है और राज्य में तकनीकी निवेश तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक और डिजिटल समाधान के उपयोग पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि तकनीकी सहयोग के माध्यम से जनसेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है तथा राज्य के विकास को नई गति दी जा सकती है।
गूगल इंडिया के प्रतिनिधिमंडल ने भी बिहार में उपलब्ध संभावनाओं और डिजिटल अवसंरचना के विकास में सहयोग को लेकर सकारात्मक रुचि दिखाई। बैठक के दौरान राज्य में डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री और गूगल इंडिया के प्रतिनिधियों ने बिहार के डिजिटल विकास को गति देने के लिए दीर्घकालिक एवं सुदृढ़ साझेदारी की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

