home page

पुस्तक ‘कुछ कही, कुछ अनकही’ का विमोचन, भाजपा अध्यक्ष ने बताये प्रधानमंत्री की कार्यशैली के पांच मंत्र

 | 
पुस्तक ‘कुछ कही, कुछ अनकही’ का विमोचन, भाजपा अध्यक्ष ने बताये प्रधानमंत्री की कार्यशैली के पांच मंत्र


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लिखी एक पुस्तक के विमोचन के अवसर पर कहा कि उनपर लिखी हर पुस्तक में उनकी कार्यशैली के पांच प्रमुख मंत्र स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। यह हैं- लीक से हटकर सोचने की क्षमता, अपनी सीमाओं को चुनौती देने का संकल्प, बुनियादी जरूरतों और प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित करना, नए मानक स्थापित करना और सबसे महत्वपूर्ण देश के प्रत्येक नागरिक को साथ लेकर चलना। ये पांचों मंत्र उनकी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति दृष्टिकोण को रेखांकित करते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर, उनकी कार्यशैली, फैसले लेने के तरीके और व्यक्तित्व के अनछुए पहलुओं को समझने के लिए वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ सिन्हा की पुस्तक ‘कुछ कही, कुछ अनकही’ सामने आई है। तीन मूर्ति स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय सभागार में आयोजित एक विशेष समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम में जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज भी मौजूद रहे। पुस्तक को प्रभात प्रकाशन की ओर से प्रकाशित किया गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली के गुणों के उदाहरण भी दिए। उन्होंने बताया कि यह पांचों गुण हमें जीएसटी और आयकर सुधार, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत योजना, भ्रष्टाचार और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और विकसित भारत @ 2047 के सामूहिक संकल्प में दिखते हैं।

पुस्तक के बारे में नबीन ने कहा कि पुस्तक का शीर्षक ही अपने आप में बहुत कुछ कहता है। कुछ बातें कही जाती हैं, जबकि कुछ अनकही रह जाती हैं। पुस्तक पढ़ने पर पाठकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व के उन पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा, जो सामान्य तौर पर सामने नहीं आ पाते। उन्होंने कहा कि अमिताभ सिन्हा ने अपनी पत्रकारिता की यात्रा और प्रधानमंत्री के साथ अपने जुड़ाव को इस पुस्तक के माध्यम से साक्षी के रूप में प्रस्तुत किया है।

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का अनुभव साझा करते हुए कहा कि अमिताभ सिन्हा के साथ साक्षात्कार देने का अवसर मिला है। उनके सवाल हमेशा साफ, सीधे और स्पष्ट होते थे। उनका व्यक्तित्व भी उनकी पत्रकारिता की तरह सहज और सरल है। नितिन नबीन ने कहा कि आज पत्रकारिता में सनसनी, नैरेटिव बनाने और ब्रेकिंग न्यूज की होड़ के बीच शांत और सरल तरीके से पत्रकारिता करने वाले लोग अपनी अलग पहचान बनाते हैं।

प्रधानमंत्री की कार्यशैली का जिक्र करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी की हर विषय पर एक अलग दृष्टि है। वह छोटी से छोटी बात पर ध्यान देते हैं और जरूरत पड़ने पर मार्गदर्शन देने के साथ-साथ सुधार के सुझाव भी देते हैं। उनका व्यक्तित्व पार्टी के कार्यकर्ताओं और पूरे संगठन के लिए ऊर्जा, शक्ति और नई प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने पुस्तक में शामिल एक दिलचस्प प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें यह भी समझाया गया है कि किसी सांसद या विधायक का कार्यालय किस तरह व्यवस्थित होना चाहिए, उनके सहयोगी कैसे होने चाहिए और कार्यालय में काम करने वाले लोगों का स्वभाव कैसा होना चाहिए। इस तरह के व्यावहारिक अनुभवों को अमिताभ सिन्हा ने अपनी कहानियों के माध्यम से पुस्तक में शामिल किया है।

कार्यक्रम के दौरान नितिन नवीन ने 27 अक्टूबर 2013 को पटना में आयोजित हुंकार रैली का एक महत्वपूर्ण प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि उस रैली के दौरान कई बम विस्फोट हुए थे। उस समय वह स्थानीय विधायक थे और प्रोटोकॉल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके साथ सूर्यनंदन कुशवाहा और तत्कालीन मंत्री गिरिराज सिंह भी मौजूद थे।

नितिन नबीन के मुताबिक, प्रधानमंत्री के पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले पूरे घटनाक्रम और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। जब यह चर्चा हुई कि ऐसी परिस्थिति में उन्हें रैली में जाना चाहिए या नहीं, तब प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर वह वहां नहीं जाएंगे तो व्यवस्था बिगड़ सकती है, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। नितिन नबीन ने इस घटना को प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी और परिस्थितियों को समझने की उनकी सोच से जुड़ा अनुभव बताया।

पुस्तक के लेखक वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व को किसी एक पुस्तक में पूरी तरह समेटना बेहद कठिन है। पिछले 25 वर्षों में उन्होंने प्रधानमंत्री की दिनचर्या, उनकी योजनाओं, काम करने के तरीके और बड़े फैसले लेने की प्रक्रिया को करीब से देखा और समझा है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान वह प्रधानमंत्री से जुड़ी छोटी-छोटी घटनाओं और अनुभवों पर लिखते रहे। कई महत्वपूर्ण जानकारियां अपनी डायरी में दर्ज कीं। अब इन सभी अनुभवों और घटनाओं को उन्होंने पुस्तक के रूप में संकलित किया है।

अमिताभ सिन्हा के मुताबिक, पुस्तक में ऐसी छोटी घटनाओं को शामिल किया गया है, जिनसे पता चलता है कि प्रधानमंत्री किस तरह अलग-अलग अनुभवों से सीखते हैं और आगे बढ़ते हैं। किस तरह किसी योजना की कल्पना करते हैं, उसे विकसित करते हैं और उसमें आम जनता को सहभागी बनाते हैं। पुस्तक में प्रधानमंत्री की लीक से हटकर सोचने की क्षमता यानी उनकी ‘आउट ऑफ द बॉक्स थिंकिंग’ को भी जगह दी गई है।कार्यक्रम के दौरान जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने भी पुस्तक की तारीफ की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय