पंजाब के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा चलाएगी नशा मुक्ति अभियान
नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी 18 सितंबर से पूरे पंजाब में नशा विरोधी यात्रा निकालेगी।
यह यात्रा राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजरेगी। इस अभियान की शुरुआत भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार इस अभियान के जरिए नशे के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को जनता के सामने रखेगी।
पार्टी लोगों से वादा करेगी कि अगर उसे इस बार सत्ता मिलती है तो नशे की समस्या को खत्म करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। यात्रा के दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
करीब
दो सप्ताह चलने वाली इस यात्रा में भाजपा के कई बड़े नेता शामिल होंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत वरिष्ठ नेताओं के यात्रा में शामिल होने की संभावना है। इसक साथ इन यात्राओं के समापन समारोह में गृहमंत्री अमित शाह के आने की संभावना जताई जा रही है।
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का यह अभियान पंजाब में नशे के मुद्दे को चुनावी बहस के केंद्र में लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
इस बीच मंगलवार को भाजपा ने गुलजार सिंह का मुद्दा उठाया। गुलजार सिंह ने पंजाब में नशीले पदार्थों की समस्या को लेकर पंजाब सरकार के वित्त मंत्री के समक्ष सवाल उठाया था। गुलजार सिंह ने मृत्यु से पूर्व सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में मंत्री के डर के कारण जहर खाने का दावा किया था तथा गांव की पंचायत के कुछ लोगों के खिलाफ भी गंभीर आरोप लगाए थे।
उल्लेखनीय है कि अमित शाह ने रविवार को कहा था कि मोदी सरकार ने 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने के लिए रोडमैप तैयार कर लिया है। देश के युवाओं को नशे से दूर रखना सरकार की बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में बड़ी मदद मिलेगी। नशे की समस्या से निपटने के लिए सरकार विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

