home page

मोदी सरकार ने नक्सलिज्म और जिहादी टेररिज्म से देश को मुक्ति दिलाई : तेजस्वी सूर्या

 | 
मोदी सरकार ने नक्सलिज्म और जिहादी टेररिज्म से देश को मुक्ति दिलाई : तेजस्वी सूर्या


जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 साल पूरे होने पर कहा कि पहली बार भारत के इतिहास में किसी सरकार ने शानदार काम किया है तो वह मोदी सरकार है। विशेषकर नक्सलिज्म और जिहादी टेररिज्म से देश को मुक्त किया है।

एयरपोर्ट पर मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी सूर्या ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। मोबाइल फोन निर्माण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एक दशक पहले अधिकांश मोबाइल विदेशों से आयात किए जाते थे, जबकि आज भारत में बड़े पैमाने पर उनका निर्माण और असेंबलिंग हो रही है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और मध्य-पूर्व में तनाव जैसी वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। मोदी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, कृषि विकास और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। छात्रसंघ चुनावों के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्र नेताओं और युवाओं से संवाद कर उचित समय पर उचित निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार युवाओं को राजनीति, शिक्षा, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए तेजस्वी सूर्या ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान प्रदेश में लगातार विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि रीट और सब-इंस्पेक्टर भर्ती सहित कई परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ भाजपा ने आंदोलन किए थे। भाजपा सरकार बनने के बाद 400 से अधिक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है तथा अब तक किसी नए पेपर लीक का आरोप सामने नहीं आया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी तकनीक आधारित मजबूत व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे भविष्य में देशभर में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूर्णत: अंकुश लगाया जा सके। एक अन्य प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का प्रदर्शन संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए। लोकतंत्र में हिंसा और मारपीट जैसी घटनाएं उचित नहीं हैं तथा सभी राजनीतिक गतिविधियां कानून और संविधान के दायरे में रहकर होनी चाहिए।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश