गौरव भाटिया बोले- राहुल को कांग्रेस का भी भविष्य बताना चाहिए
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)।
भारतीय जनता पार्टी ने मोदी सरकार के एक साल में गिर जाने के लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि अब वे ज्योतिषियों की तरह भविष्यवाणी भी करने लगे हैं। अच्छा होता कि वे अपनी पार्टी कांग्रेस के बारे में भविष्यवाणी करते, जिसको जनता चुनावों में लगातार सबक सिखा रही हैै।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि मोदी सरकार स्थिर भी है, मजबूत भी है और अंगद के पांव की तरह है।
सौ राहुल गांधी भी आ जाएं फिर भी इसे हिला नहीं पाएंगे।
उन्होंने कहा कि जब वैश्विक संकट के दौरान कई देशों की अर्थव्यवस्था कमजोर पड़ गई है, तब दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत इस वैश्विक चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा है। हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत है। देश की 140 करोड़ की जनता सरकार के साथ है,
लेकिन एक टूलकिट मॉडल का मकसद अराजकता फैलाना है। तो देशवासियों का भी संकल्प है, भारत को और मजबूत बनाना।
भाटिया ने कहा कि इस वैश्विक संकट में मलेशिया में 56 प्रतिशत, यूएई में 52 प्रतिशत, अमेरिका में 45 प्रतिशत, फिलीपींस में 41 प्रतिशत, श्रीलंका में 38 प्रतिशत, कनाडा में 32 प्रतिशत, चीन में 22 प्रतिशत और भारत में सिर्फ 4 प्रतिशत महंगाई बढ़ी है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अल्पसंख्यक समिति की बैठक में राहुल गांधी कहते हैं कि कोई मुद्दा आए तो अल्पसंख्यक शब्द का इस्तेमाल मत करो, सीधे कहो — मुसलमानों पर अत्याचार हो रहा है।
इसी तरह
कुछ समय पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि कुरान कहती है कि नमाज छोड़ो, सांप दिखे तो मारो — और सांप है भाजपा-संघ। इसे मारो। ऐसा ढोंग क्यों किया जा रहा है? दबाव में कच्चे तेल के आयात के आरोपों पर भाटिया ने कहा कि भारत दबाव के कारण रूस से कच्चा तेल आयात नहीं कर रहा है। राजग सरकार में पिछले 4-5 वर्षों में आंकड़ों के अनुसार
30-30 प्रतिशत कच्चा तेल रूस से आयात किया गया है। जबकि यूपीए सरकार में यह केवल एक प्रतिशत था।
2026 में हमने रूस से सबसे अधिक कच्चा तेल आयात किया।
रूसी तेल के आयात से देश को लगभग 20-25 अरब डॉलर की बचत हुई है।
जब हमने रूसी तेल आयात करने का निर्णय लिया, तो राहुल और कांग्रेस ने इसका विरोध किया था।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

