home page

पंजाब की भाईचारे की एकता को तोड़ नहीं सकतीं अलगाववादी ताकतें : जाखड़

 | 
पंजाब की भाईचारे की एकता को तोड़ नहीं सकतीं अलगाववादी ताकतें : जाखड़


- घटना से कुछ समय पहले ही कार्यालय से निलते थे कार्यकारी अध्यक्ष

- प्रवक्ता का दावा, पुलिस ने दी थी सुबह की सैर बंद करने की सलाह

चंडीगढ़, 01 अप्रैल (हि.स.)। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हुए बम धमाके के बाद सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से कटघरे में आ गई है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक अश्वनी शर्मा दो दिन से इसी कार्यालय में रूके हुए थे और धमाके से कुछ समय पहले ही वह दिल्ली के लिए रवाना हुए।

बम धमाके के बाद पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पहले से पंजाब के थानों पर लगातार ग्रेनेड हमले हो रहे हैं। फिर बीते दिन होशियारपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति को खंडित किया गया और आज चंडीगढ़ में भाजपा के राज्य स्तरीय कार्यालय पर हमला हुआ है। यह घटनाओं की श्रृंखला राज्य की साम्प्रदायिक एकता को तोडऩे की कोशिशों का संकेत है। दूसरी ओर सीमावर्ती राज्य की सरकार इन सबको रोकने में असफल साबित हो रही है, जिसके कारण अब पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति का असर चंडीगढ़ तक पहुंचने लगा है। अलगाववादी ताकतें चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, वे पंजाब की भाईचारे की एकता को तोड़ नहीं सकतीं।

भाजपा के प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ में भाजपा पंजाब कार्यालय के बाहर बम ब्लास्ट की घटना चौंकाने वाली और बेहद चिंताजनक है। गंभीर बात यह है कि पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा पिछले दो दिनों से उसी कार्यालय में मौजूद थे और कुछ समय पहले ही दिल्ली में एक राजनीतिक कार्यक्रम के लिए रवाना हुए हैं।

उन्होंने कहा कि 15 दिन पहले पठानकोट के एसएसपी ने उन्हें एक विशिष्ट खतरे की आशंका के चलते अपनी मॉर्निंग वॉक रोकने की चेतावनी दी थी। यह चेतावनी और आज का ब्लास्ट दोनों में कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है, लेकिन इस संयोग को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

यह केवल एक नेता या एक पार्टी कार्यालय की बात नहीं है। यह पंजाब में सुरक्षा, खुफिया समन्वय और समग्र कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाता है। जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए और उन्हें जल्द से जल्द न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। ऐसे आतंकवादी कृत्यों के लिए शून्य सहनशीलता होनी चाहिए।

केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पिछले एक हफ्ते से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। पहले अमृतसर थाने में धमाका हुआ। फिर जालंधर में हुआ। इसे पुलिस ने कवर किया। अब यह चंडीगढ़ तक पहुंच गए हैं। अब यह कहेंगे कि चंडीगढ़ तो सेंटर के अधीन आता है। चंडीगढ़ के एसएसपी भी पंजाब से आते हैं। हम तो बहुत दिनों से कह रहे थे कि हालत बिगड़ रहे हैं। पंजाब से ये चीजें आ रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा