‘मिशन-2028’ केवल चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन की पुनर्प्रतिष्ठा का संकल्प : स्मृति इरानी
भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे में सांगठनिक रणनीति पर हुई मंथन
रायपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में ‘मिशन-2028’ को लेकर सांगठनिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों के साथ विभिन्न चरणों में बैठकें कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी रणनीति पर चर्चा की।
स्मृति इरानी ने कहा कि भाजपा की रीति-नीति सांगठनिक अनुशासन, आंतरिक लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं के नि:स्वार्थ परिश्रम पर आधारित है। पार्टी शुचिता, सादगी और राजनीतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने ‘मिशन-2028’ को केवल चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन की पुनर्प्रतिष्ठा का संकल्प बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन की मजबूती के बल पर आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल मतपत्रों या मशीनों से नहीं जीते जाते, बल्कि कार्यकर्ताओं के पसीने, जनता के साथ आत्मीय जुड़ाव और संगठन के सुदृढ़ तंत्र से जीत हासिल होती है।
सादगीपूर्ण स्वागत के साथ दौरे की शुरुआत
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी और राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के रविवार काे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचने पर पार्टी की ओर से सादगीपूर्ण स्वागत किया गया। बड़े फ्लेक्स और पोस्टरों के अनावश्यक प्रदर्शन से बचते हुए पार्टी के ध्वजों के माध्यम से दोनों नेताओं का स्वागत किया गया।
प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर स्मृति इरानी ने परिसर स्थित ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के पितृ-पुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
दौरे के पहले दिन सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ के श्रवण के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी के कामकाज की समीक्षा कर आगामी रणनीति के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके बाद संभाग प्रभारियों, सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त समन्वय बैठक हुई। दोपहर बाद पूर्व सांसदों एवं पूर्व विधायकों सहित अनुभवी पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ परामर्श किया गया। पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ भी संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। दिन के अंतिम चरण में निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर आगामी लक्ष्यों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री यशवन्त जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

