home page

बांकीपुर उपचुनाव में जनादेश स्वीकार, हार के कारणों की समीक्षा करेगी भाजपा : संजय सरावगी

 | 

पटना, 03 अगस्त (हि.स.)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि उनकी पार्टी जनता के जनादेश को पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करती है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के निर्णय का सम्मान सर्वोपरि मानती है।

रविवार को जारी अपने बयान में सरावगी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला अंतिम होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस बात की गंभीर समीक्षा करेगी कि अपेक्षित समर्थन क्यों नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि सभी कमियों का वस्तुनिष्ठ आकलन किया जाएगा और उन्हें दूर करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपनी हार के लिए कभी भी संवैधानिक संस्थाओं, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) या निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार नहीं ठहराती। उनका कहना था कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं में पूर्ण विश्वास रखती है।

सरावगी ने कहा कि पार्टी आत्ममंथन और संगठनात्मक समीक्षा की अपनी परंपरा के अनुरूप हार के कारणों का विश्लेषण करेगी और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त