home page

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने किया उन्हें नमन

 | 
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा ने किया उन्हें नमन


नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संदेश में कहा प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और माँ भारती की अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।

उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका संकल्प केवल एक नारा नहीं बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता का अटल संकल्प था। जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए उनका संघर्ष और बलिदान भारतीय इतिहास में अमिट रूप से अंकित है।

नितिन नवीन ने कहा कि डॉ. मुखर्जी जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी विचारधारा को एक सशक्त दिशा दी और अपने विचारों, साहस एवं त्याग से राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुँचाया।

उनका जीवन और बलिदान हमें सदैव यह प्रेरणा देता रहेगा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और भारत की एकता, अखंडता एवं स्वाभिमान के लिए हरसंभव प्रयास करना ही उनके जीवन को सच्ची श्रद्धांजलि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी