home page

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा के लिए भाजपा के सभी आठ उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन

 | 
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा के लिए भाजपा के सभी आठ उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन


लखनऊ, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नामांकन के आखिरी दिन भाजपा उम्मीदवार धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान, श्रुति गंगवार ने विधान भवन में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। योगी ने सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं।

पर्चा दाखिल के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री/भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना, राकेश सचान, आशीष पटेल, डॉ. संजय निषाद, कपिलदेव अग्रवाल, जेपीएस राठौर, दिनेश प्रताप सिंह, गिरीश चंद्र यादव, ब्रजेश सिंह, सतीश चंद्र शर्मा, रजनी तिवारी, बलदेव सिंह औलख आदि मौजूद रहे।

राज्यसभा उम्मीदवार प्रियंका रावत ने कहा कि भाजपा हमारी आत्मा है। केन्द्रीय व प्रदेश नेतृत्व ने हमारे ऊपर भरोसा किया है। इस भरोसे को बनाए रखने के लिए चरैवेति-चरैवेति की तरह आगे बढ़ते जाना है। समाज व संगठन के लिए जो कर सकती हूं, उसे पूरा करने का प्रयास करूंगी।

रामप्रताप सिंह चौहान ने नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है, इसके लिए वह शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं।

इससे पहले सभी उम्मीदवार प्रदेश कार्यालय पहुंचे। वहां पर पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सबका साथ सबका विकास भाजपा का केवल नारा नहीं है। हमारी पार्टी जो कहती है वह करती है। सभी वर्गों को साथ लेकर हमारी पार्टी चलती है। हमारे आठों उम्मीदवारों को देखेंगे तो सभी हमारे कार्यकर्ता चुनकर आयें हैं। सभी जाति व सभी क्षेत्र से यह नाम आये हैं।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है। इसके बाद सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को होगा।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन