home page

नशा मुक्त पंजाब अभियान का 30 सितंबर को जालंधर में समापन, अमित शाह करेंगे विशाल जनसभा

 | 
नशा मुक्त पंजाब अभियान का 30 सितंबर को जालंधर में समापन, अमित शाह करेंगे विशाल जनसभा


नई दिल्ली, 24 सितंबर (हि.स.)। पंजाब में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त पंजाब’ अभियान का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जनसभा को संबोधित करेंगे। अभियान के तहत राज्य के अलग-अलग हिस्सों से निकाली जा रही चार नशा विरोधी यात्राएं भी इसी दिन जालंधर में पहुंचकर एक साथ समाप्त होंगी।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि 30 सितंबर को चारों यात्राओं के जालंधर पहुंचने के बाद समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद अमित शाह विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जालंधर-फगवाड़ा हाई-वे के पास रैली के लिए स्थल तय किया जा चुका है और संगठन की स्थानीय इकाई ने तैयारियां शुरू भी कर दी हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर से चार अलग-अलग मार्गों से ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राएं’ शुरू की थीं। यह यात्राएं कुल 13 दिनों तक चलेंगी। इन यात्राओं को राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचाने की योजना है। चारों यात्राएं मिलकर करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय कर रही हैं।

पहली यात्रा की शुरुआत पठानकोट के माधोपुर स्थित एकता स्थल से हुई थी। अन्य यात्राएं फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का और तलवंडी साबो से शुरू की गईं। अभियान का उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और इस मुद्दे पर व्यापक जनभागीदारी तैयार करना बताया गया है।

इस कार्यक्रम को अभियान के अंतिम चरण के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले नशे का मुद्दा राज्य की राजनीति में प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। भाजपा ने इस अभियान को नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता से जोड़ते हुए राज्यव्यापी स्तर पर चलाया है। पार्टी नेताओं ने कहा है कि नशे की समस्या से निपटने के लिए केवल कानून-व्यवस्था की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि जागरूकता, उपचार, पुनर्वास और युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों पर भी ध्यान देने की जरूरत है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय