home page

प्रधानमंत्री मोदी के तीन देशों के दौरे में हासिल हुईं कई अभूतपूर्व उपलब्धियांः भाजपा

 | 
प्रधानमंत्री मोदी के तीन देशों के दौरे में हासिल हुईं कई अभूतपूर्व उपलब्धियांः भाजपा


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीन देशों के मौजूदा दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को इसे कई मायनों में “अभूतपूर्व” उपलब्धियों वाला दौरा बताया। पार्टी ने दावा किया कि इस यात्रा के दौरान इंडोनेशिया के साथ ब्रह्मोस मिसाइल की बड़ी डील, अहम खनिजों पर समझौते और रणनीतिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जो वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति को और मजबूत करेंगे।

गुरुवार को भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इंडोनेशिया के साथ प्रस्तावित ब्रह्मोस मिसाइल समझौता इस दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि है। भारत ने जकार्ता को सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल सिस्टम की आपूर्ति पर सहमति जताई है। इस रक्षा सौदे की अनुमानित कीमत करीब 5,400 करोड़ रुपये बताई जा रही है और इसे भारत के सबसे बड़े रक्षा निर्यात समझौतों में से है।

कांग्रेस पर प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए तुहिन सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री को मिले 35 सर्वोच्च नागरिक सम्मान उनके वैश्विक नेतृत्व और ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए उनकी सोच की अंतरराष्ट्रीय पहचान हैं।

कांग्रेस ने दौरे से पहले प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाया और सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीके से संपादित वीडियो साझा कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की।

सिन्हा ने कहा, प्रधानमंत्री के इस दौरे पर जाने से पहले ही कांग्रेस ने उनका मज़ाक उड़ाते हुए कहा था कि वे विदेश यात्रा सिर्फ़ एक और अवॉर्ड लेने के लिए कर रहे हैं। इस तरह की राजनीति राष्ट्रीय हितों के मुद्दों पर उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह विदेश यात्रा भारत की रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा साझेदारियों को नई मजबूती देने वाली साबित हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी