home page

गुलजार सिंह की मौत मामले में भाजपा ने की भगवंत मान के इस्तीफे की मांग

 | 
गुलजार सिंह की मौत मामले में भाजपा ने की भगवंत मान के इस्तीफे की मांग


नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब के संगरूर निवासी दलित समुदाय के गुलजार सिंह की मौत के मामले में राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। भाजपा का आरोप है कि पंजाब में नशे का कारोबार मुख्यमंत्री की नाक के नीचे फल-फूल रहा है लेकिन सरकार इसे रोकने में पूरी तरह विफल रही है। भाजपा ने इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि गुलजार सिंह ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के गांव दौरे के दौरान उनसे पंजाब में बढ़ते नशे के कारोबार पर सवाल उठाया था। उन्होंने मंत्री से कहा था कि उनका बेटा चिट्टे (नशे) की लत का शिकार है और उसके इलाज के लिए उन्हें अपने घर की कीमती वस्तुएं तक बेचनी पड़ीं। इसके बावजूद सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।

भाजपा प्रवक्ता का आरोप है कि मंत्री से सवाल पूछने के बाद गुलजार सिंह पर माफी मांगने का दबाव बनाया गया और कथित तौर पर उन्हें प्रताड़ित किया गया। इसके बाद उन्होंने जहर खा लिया। मौत से पहले बनाए गए वीडियो में गुलजार सिंह ने हरपाल सिंह चीमा और गांव के सरपंच को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया।

गौरव भाटिया ने कहा कि कानून में मृत्यु से पहले दिए गए बयान (डाइंग डिक्लेरेशन) महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जाता है। ऐसे में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए हरपाल सिंह चीमा को तत्काल मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि गुलजार सिंह अनुसूचित जाति समुदाय से थे, ऐसे में क्या एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कोई कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी पूछा कि आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में क्या मामला दर्ज किया गया और मंत्री को अब तक पद से क्यों नहीं हटाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी