भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे वाराणसी, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
लखनऊ, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 07 और 08 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी में रहेंगे। अपने इस प्रवास के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे और संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता करेंगे।
भाजपा कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन बुधवार, 07 अक्टूबर को दोपहर वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वह अपराह्न 3:30 बजे जगतपुर स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज जाएंगे। वहां वह सेवा संकल्प यात्रा के 'सेवा यात्रियों' के वडनगर से पवित्र काशी आगमन के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित कर उनका अभिनंदन करेंगे।
इस कार्यक्रम के बाद वह जगतपुर स्थित गोकुल धाम रिसॉर्ट पहुंचेंगे, जहां वह काशी क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। रात्रि में वह पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी एवं क्षेत्रीय महामंत्रियों के साथ बैठक कर संगठन के कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद, वह विधान परिषद चुनाव के प्रत्याशियों एवं अन्य आवेदकों से संगठनात्मक चर्चा करेंगे।
दूसरे दिन का पूरा कार्यक्रम बाबा विश्वनाथ के दर्शन: प्रवास के दूसरे दिन, गुरुवार 8 अक्टूबर की सुबह 8:00 बजे वह बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और राष्ट्र की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे।
इसके बाद सुबह 10:00 बजे वह महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इस दौरान वह युवाओं से सीधा संवाद कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस कार्यक्रम के बाद दोपहर में वह गोकुल धाम रिसॉर्ट में काशी क्षेत्र के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक करेंगे और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ भी अहम बैठक करेंगे। इन सभी सांगठनात्मक व सार्वजनिक कार्यक्रमों के संपन्न करने के बाद नितिन नवीन नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

