home page

भाजपा को जानो कार्यक्रम के तहत नितिन नवीन ने 12 देशों के मिशन प्रमुखों से की मुलाकात

 | 
भाजपा को जानो कार्यक्रम के तहत नितिन नवीन ने 12 देशों के मिशन प्रमुखों से की मुलाकात


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को 12 देशों के मिशन प्रमुखों के मुलाकात की। यह बैठक भाजपा को जानो कार्यक्रम के तहत की गई, जिसका उद्देश्य राजनयिक समुदाय के साथ जुड़ाव को मजबूत करना है।

भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय में आज शाम को आयोजित यह कार्यक्रम भाजपा के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संपर्क स्थापित करने के प्रयासों के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य राजनयिकों को पार्टी के इतिहास, वैचारिक ढांचे, शासन मॉडल और संगठनात्मक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।

बैठक के बाद भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने मीडिया से कहा कि भाजपा अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन का यह उनका पहला बड़ा संवाद था, इसलिए विदेशी राजनयिकों में पार्टी की भविष्य की दिशा को लेकर काफी उत्सुकता दिखाई दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती संबोधन के बाद राजनयिकों और भाजपा नेतृत्व के बीच सवाल-जवाब और अनुभव साझा करने का लंबा दौर चला।

उन्होंने बताया कि राजनयिकों के सवाल मुख्य रूप से भाजपा की भविष्य की योजनाओं, पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के विजन को लेकर थे।

भाजपा नेताओं ने बैठक में पार्टी के संगठन विस्तार, सरकार की नीतियों और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के रोडमैप पर भी चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी