home page

पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे : नितिन नवीन

 | 
पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे : नितिन नवीन


- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एलपीयू जालंधर में किया योग

जालंधर, 21 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि पंजाब में नशे के रूप में फैल रहे चिट्टे के जहर को हर हाल में समाप्त किया जाएगा और पंजाब से ड्रग्स का नामोनिशान मिटाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

नितिन नवीन ने रविवार को पंजाब के जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया और सैकड़ों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में हर पंजाबी को इस चिंता में भागीदार बनना होगा। पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा। भाजपा नेता नितिन नवीन ने छात्रों को नशा विरोधी शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन से जोड़ा। पीएम मोदी के 2047 के विजन का जिक्र करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भारत अब एक साझा राष्ट्रीय लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि देश के युवाओं को मजबूत और नशे से मुक्त रखना बेहद जरूरी है। नितिन नवीन ने कहा कि यदि युवा कमजोर होंगे, तो राष्ट्र भी कमजोर होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे को न कहने और मजबूत भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। पंजाब की सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वह पंजाब की दूध और लस्सी की परंपरा से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की पहचान दूध, दही, सरसों का साग और मक्की की रोटी जैसी समृद्ध संस्कृति से है, न कि नशे से।

उन्होंने कहा कि पंजाब की इस विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ाना होगा और नशे को पूरी तरह न कहना होगा। नितिन नवीन ने कहा कि भारत को अक्सर युवा देश कहा जाता है। उन्होंने कहा कि अगर युवा कमजोर होंगे, तो भारत कमजोर होगा, इसलिए युवाओं को अपने जीवन से नशे को पूरी तरह छोड़ना चाहिए।

कार्यक्रम में एलपीयू के चांसलर डॉ. अशोक मित्तल, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ और विक्रमजीत सिंह साहनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, सोम प्रकाश और जंगी लाल महाजन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर एलपीयू चांसलर की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को समर्पित ‘नमो चेयर’ की घोषणा भी की गई। इसके अलावा एक टाइम कैप्सूल पहल का भी अनावरण किया गया, जिसे सील कर 2047 में विकसित भारत के विजन के साथ खोला जाएगा।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH