भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष ने साइकिल से कार्यालय पहुंचने का लिया संकल्प
नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। देश में ईंधन संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद मोदी द्वारा देश वासियों को दिए गए संदेश को आगे बढ़ाते हुए, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने पेट्रोल एवं डीज़ल के सीमित करने का निर्णय लिया है। इस पहल के अंतर्गत उन्होंने गुरुवार से साइकिल से भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय अपने कार्यालय पहुंचने का संकल्प लिया है। इस कदम का उद्देश्य आम नागरिकों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति प्रेरित करना तथा पर्यावरण हितैषी जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
जमाल सिद्दीकी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ईंधन की बचत केवल आर्थिक विषय नहीं है, बल्कि यह देश की ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने देशवासियों से अपील की, कि वे भी दैनिक जीवन में संभव होने पर साइकिल, पैदल चलने या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और ऊर्जा संरक्षण में योगदान दें।
मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी फैसल मुमताज़ ने बताया राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दिकी अपने सुरक्षाकर्मियों, सहायक, सहयोगी के साथ 3 गाड़ियों से ले चलते थे, अब सुरक्षाकर्मी, सहायक और सहयोगी सभी लोग साईकिल से उनके साथ चलेंगे । जमाल सिद्दिकी की यह पहल ऊर्जा संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने का एक प्रयास है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

