इंदिरा गांधी के हत्यारे का बेटा सरबजीत सिंह खालसा लोकसभा में करेगा भाजपा का समर्थन
- गठबंधन के बाद अब हरसिमरत कौर बादल भी भाजपा के साथ
चंडीगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार के प्रस्तावित महिला आरक्षण और परिसमीन विधेयक को पंजाब से दो सांसदों को सीधा समर्थन मिलेगा।पंजाब के फरीदकोट से निर्दलीय सांसद एवं अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के नेता सरबजीत सिंह खालसा ने प्रस्तावित महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक का समर्थन किया है। उनका यह रुख ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब उनकी पार्टी भाजपा से राजनीतिक दूरी बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
खालसा ने कहा कि परिसीमन से निर्वाचन क्षेत्रों का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा। साथ ही लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढऩे से महिला सशक्तीकरण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण उनके सिद्धांतों और नीतियों के अनुरूप है। सरबजीत सिंह खालसा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या में शामिल रहे स्वर्गीय बेअंत सिंह के बेटे हैं। इससे पहले उनकी मां बिमल कौर खालसा भी पंजाब से सांसद रह चुकी हैं।
इस बीच पंजाब में अकाली दल व भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन होने के बाद राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। शनिवार को सुखबीर सिंह बादल के आवास पर शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई बैठक के बाद सुखबीर बादल ने केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव का समर्थन किया। सुखबीर बादल के ऐलान के बाद साफ हो चुका है कि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल लोकसभा में इस विधेयक का समर्थन करेंगी। हरसिमरत कौर बादल ने अंतिम बार एनडीए द्वारा पेश किए गए कृषि कानून विधेयक के दौरान सदन की कार्यवाही में भाग लिया था, लेकिन इस विधेयक के विरोध में सदन से बाहर आ गई थी। अब गठबंधन के बाद हरसिमरत कौर फिर से एनडीए के साथ खड़ी नजर आएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

