home page

नंदीग्राम से हासीरानी रथ भाजपा प्रत्याशी, रेजीनगर से शाखारव सरकार पर दांव

 | 
नंदीग्राम से हासीरानी रथ भाजपा प्रत्याशी, रेजीनगर से शाखारव सरकार पर दांव


नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)l पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने मंगलवार को अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। हाईप्रोफाइल नंदीग्राम सीट से भाजपा ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मुर्शिदाबाद की रेजीनगर सीट से शाखारव सरकार को मैदान में उतारा गया है।

मंगलवार को भाजपा कार्यालय प्रभारी तरुण चुग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार केंद्रीय चुनाव समिति ने नंदी ग्राम से हासीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है।

दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर है।

उल्लेखनीय है कि नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के कारण खाली हुई है। विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट से इस्तीफा दे दिया था, क्योंकि एक विधायक के तौर पर वह केवल एक सीट का प्रतिनिधित्व कर सकते थे।

भाजपा के हासीरानी रथ को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद नंदीग्राम का उपचुनाव और भी दिलचस्प हो गया है। सीट पर तृणमूल कांग्रेस के अलग-अलग गुटों के साथ-साथ वाममोर्चा और कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी