home page

जेपी नड्डा रविवार को जयपुर में तिरंगा यात्रा में होंगे शामिल

 | 
जेपी नड्डा रविवार को जयपुर में तिरंगा यात्रा में होंगे शामिल


नई दिल्ली, 08 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा रविवार को जयपुर में अल्बर्ट हॉल से बड़ी चौपड़ तक आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। नड्डा इसके अलावा और भी कई कार्यक्रमों से भाग लेंगे।

भाजपा ने शनिवार को एक बयान में बताया कि रविवार,

9 अगस्त को जेपी नड्डा के सार्वजनिक कार्यक्रमों की शुरुआत जयपुर स्थित शहीद स्मारक से होगी, जहां वे शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे अल्बर्ट हॉल से बड़ी चौपड़ तक आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। यह यात्रा सुबह 10 बजे से प्रारंभ होकर बड़ी चौपड़ पर समाप्त होगी। तिरंगा यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता का संदेश देगी।

इसके बाद नड्डा सरदार पटेल मार्ग स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद नड्डा स्वतंत्रता सेनानी प्रवीण चंद छाबड़ा के आवास पर जाकर उनसे भेंट करेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे।

इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए नड्डा शनिवार को ही जयपुर पहुंच जाएंगे।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी