युवाओं से किए वादे पूरे करे कांग्रेस, उम्र सीमा का मुद्दा ध्यान भटकाने की कोशिश : रामचंद्र राव
हैदराबाद, 27 जुलाई (हि.स.)। तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने सोमवार को मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु 25 वर्ष से घटाकर 21 वर्ष करने के प्रस्ताव पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे युवाओं से किए गए अधूरे वादों से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास बताया।
हैदराबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रामचंद्र राव ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान निर्माताओं ने पर्याप्त विचार-विमर्श के बाद सांसद और विधायक बनने की न्यूनतम आयु 25 वर्ष निर्धारित की थी, ताकि कानून बनाने वाले जनप्रतिनिधियों के पास आवश्यक परिपक्वता और अनुभव हो। उन्होंने कहा, रेवंत रेड्डी अब ध्यान भटकाने की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में युवाओं को नेतृत्व में आगे लाने के लिए प्रतिबद्ध है, तो उसे केवल आयु सीमा पर बहस करने के बजाय अपने संगठन में भी युवाओं को अवसर देना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि कांग्रेस युवाओं को नेतृत्व देना चाहती है तो अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष पद पर भी किसी युवा नेता को नियुक्त करे।
रामचंद्र राव ने कहा कि हाल में नीट पेपर लीक को लेकर हुए युवा-नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के बाद कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रूप देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को नेतृत्व में अवसर देने के अपने संकल्प पर काम कर रही है। इसी क्रम में उन्होंने पार्टी द्वारा युवा नेता नितिन नवीन को अध्यक्ष नियुक्त किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा संगठन में युवाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

