भाजपा कार्यालय पर ग्रेनेड हमले का खुलासा, पांच आराेपित गिरफ्तार
-आईएसआई समर्थित मॉड्यूल का खुलासा, पुर्तगाल और जर्मनी से चल रहे थे विदेशी हैंडलर : डीजीपी पंजाब गौरव यादव
चंडीगढ़, 04 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में सेक्टर-37 स्थित बीजेपी कार्यालय के बाहर हुए ग्रेनेड हमले का खुलासा किया है। इस मामले में पांच आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर जिगाना पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान बलविंदर लाल उर्फ शम्मी (गांव माजरी, एसबीएस नगर), जसवीर सिंह उर्फ जस्सी (गांव भरापुर, एसबीएस नगर), चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी (गांव सुजावलपुर, एसबीएस नगर), रूबल चौहान (गांव ठाणा, शिमला) और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा (धूरी, संगरूर) के रूप में हुई है।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन से संचालित हो रहा था और इसके विदेशी हैंडलर पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे हुए थे। यह एक संगठित नेटवर्क था, जिसमें कई स्तरों पर काम करने वाले सदस्य और सब-मॉड्यूल शामिल थे।उन्होंने बताया कि इस हमले में शामिल दो मुख्य आरोपिताें की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गौरतलब है कि बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के बाहर ग्रेनेड हमला किया गया था। इस संबंध में एआईजी स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), एसएएस नगर दीपक पारीक ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने हथियारों और ग्रेनेड की खेप को अलग-अलग माध्यमों से आगे बढ़ाया, जो अंततः हमलावरों तक पहुंचाई गई।
उन्होंने कहा कि पुर्तगाल में बैठे हैंडलर के निर्देश पर आरोपियों ने आपसी तालमेल से इस हमले को अंजाम दिया। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इस मामले में एफआईआर नंबर चार के तहत शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
---
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

