home page

पंजाबियों को उड़ता पंजाब नहीं, उभरता पंजाब चाहिए : नितिन नवीन

 | 
पंजाबियों को उड़ता पंजाब नहीं, उभरता पंजाब चाहिए : नितिन नवीन


- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पठानकोट से शुरू की पहली नशा मुक्त पंजाब यात्रा

चंडीगढ़, 18 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पठानकोट से पहली 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘भाजपा का नारा, नशा मिटाना सारा’ के संकल्प के साथ शुरू हुई यह नशा मुक्त यात्रा 30 सितंबर को जालंधर में समाप्त होगी।

इस अवसर पर नितिन नवीन ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लडऩे का आह्वान किया। केसरी दस्तार सजाकर मंच पर पहुंचे नितिन नवीन ने कहा कि पंजाबियों को उड़ता पंजाब नहीं, उभरता पंजाब चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सत्ता के दम पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब करके पंजाब को नशे से बर्बाद किया, उनके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लडऩे का समय आ गया है। नितिन नवीन ने कहा कि नशा पंजाब की पहचान या ताकत नहीं हो सकता। पंजाब की पहचान उसकी विरासत, विचार और नौजवान होनी चाहिए। पंजाब की पहचान गुरुओं की बाणी, किसानों के पसीने और खिलाडिय़ों के जज्बे से होती थी। पंजाब के लोग खुद नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।

भारतीय जनता पार्टी की नशे के खिलाफ लड़ाई का मूल मंत्र साझा करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि नशा तस्करों पर वार करना, नशे के सप्लाई नेटवर्क को तोडऩा, ड्रग मनी जब्त करना, नशे के शिकार लोगों का पुनर्वास करना और समाज के सहयोग से नशे के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाना उनकी रणनीति का हिस्सा होगा। नितिन नवीन ने कहा कि देश में भाजपा जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करती है। धारा 370 हटाने के संकल्प को पूरा करने के लिए लंबा संघर्ष किया गया तथा आतंकवाद और नक्सलवाद को खत्म किया गया।

पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह जुटान कोई राजनीतिक रैली नहीं है, बल्कि हम माताओं-बहनों का दुख बांटने आए हैं। उन्होंने कहा कि यह एक लोक आंदोलन है, जिसके तहत हम 117 विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुसार अगले दो वर्षों में नशे को जड़ से खत्म करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि आज पंजाब अपनी पहचान खोता जा रहा है। पंजाब की जो तस्वीर पहले हुआ करती थी, अब वह तस्वीर नहीं रही। अश्वनी शर्मा ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी से संबंधित ऐतिहासिक स्थल से यात्रा शुरू करके भाजपा ने नशे के खिलाफ लोक आंदोलन शुरू किया है। इसका बैनर राजनीतिक हो सकता है, लेकिन समस्या घर-घर की है।

समागम को अन्य नेताओं के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, संसदीय समिति के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, पूर्व लोकसभा सदस्य परनीत कौर, पूर्व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक, पूर्व पंजाब मंत्री मनोरंजन कालिया, मुकेरियां से विधायक जंगी लाल महाजन तथा पंजाब विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश बब्बू ने भी संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा