home page

भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरी बैठक, पांच चुनावी राज्यों के उम्मीदवारों के नाम पर लगेगी मुहर

 | 
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरी बैठक, पांच चुनावी राज्यों के उम्मीदवारों के नाम पर लगेगी मुहर


नई दिल्ली, 18 मार्च (हि.स.)। असम, पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्य़ों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक होने जा रही है। बुधवार शाम भाजपा मुख्यालय में केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस सहित समिति के सदस्य पहुंचे। इस अहम बैठक में असम, पश्चिम बंगाल, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगेगी। पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनाव और केरल के लिए भाजपा अपनी पहली सूची जारी कर चुकी है। बुधवार को असम, तमिलनाडु, पुदुचेरी की अधिकतर सीटों के लिए उम्मीदवारों पर फैसला किया जाएगा। इसके साथ पश्चिम बंगाल की बची हुई 149 सीटों पर अंतिम फैसला होगा। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में होने जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में असम के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास पर असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पदुचेरी के विधानसभा के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करने के लिए भाजपा केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी। इस बैठक में केरल और पश्चिम बंगाल के उम्मीदवारों के कई नामों पर मुहर लगी थी। भाजपा पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। इसी तरह केरल के लिए भी 47 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी