home page

भाजपा के आईटी-सोशल मीडिया प्रमुखों की बैठक 20 को, सेवा संकल्प अभियान और चुनावी रणनीति पर होगा फोकस

 | 
भाजपा के आईटी-सोशल मीडिया प्रमुखों की बैठक 20 को, सेवा संकल्प अभियान और चुनावी रणनीति पर होगा फोकस


नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी 20 सितंबर को नई दिल्ली में अपने आईटी और सोशल मीडिया विभाग से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करने जा रही है। बैठक में पार्टी की डिजिटल रणनीति, चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और जेन-जी तक पहुंच बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

विश्वशनीय सूत्रों के अनुसार सूत्रों के बैठक की अगुवाई भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल संतोष करेंगे। इसमें पार्टी के आईटी, सोशल मीडिया और इससे जुड़े अन्य विभागों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। दरअसल यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब भाजपा अपने संगठनात्मक कामकाज और जनसंपर्क अभियानों में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका को और मजबूत करने पर जोर दे रही है।

सूत्रों के अनुसार बैठक में पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया नेटवर्क के जरिए सरकार और संगठन से जुड़े कार्यक्रमों, अभियानों और संदेशों को लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।

बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की डिजिटल पहुंच को लेकर भी रणनीति बनाई जा सकती है। अभियान से जुड़े कार्यक्रमों और गतिविधियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और जमीनी गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से जोड़ने पर जोर रहने की संभावना है।

इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव भी एक प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया विभागों के प्रमुखों के साथ चुनावी राज्यों में डिजिटल अभियान, स्थानीय मुद्दों को सोशल मीडिया पर उठाने और संगठन के संदेश को मतदाताओं तक पहुंचाने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हो सकती है।

बैठक का एक और महत्वपूर्ण पहलू जेन-जी यानी युवा वर्ग तक पार्टी की पहुंच भी हो सकता है। भाजपा पहले भी युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले लोगों तक पहुंच बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करती रही है। ऐसे में युवाओं की बदलती डिजिटल आदतों और सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता को ध्यान में रखते हुए नए तरीकों पर विचार किया जा सकता है।

कुल मिलाकर, 20 सितंबर की यह बैठक भाजपा के डिजिटल संगठन, जनसंपर्क अभियानों और आगामी चुनावी तैयारियों को एक साथ जोड़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय