home page

कार्बन उत्सर्जन पर लगाम लगाने की नई पहल, बिट्स पिलानी को माइक्रोएल्गी तकनीक का पेटेंट

 | 
कार्बन उत्सर्जन पर लगाम लगाने की नई पहल, बिट्स पिलानी को माइक्रोएल्गी तकनीक का पेटेंट


नई दिल्ली, 26 नवंबर (हि.स.)। जैव ईंधन उत्पादन को किफायती बनाने और कार्बन उत्सर्जन की चुनौती से निपटने की दिशा में भारतीय वैज्ञानिकों ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बिट्स) पिलानी के हैदराबाद परिसर के शोधकर्ताओं ने माइक्रोएल्गी (सूक्ष्म शैवाल) की बड़े पैमाने पर खेती के लिए कम लागत वाला पोषक माध्यम विकसित किया है। इस स्वदेशी तकनीक को भारतीय पेटेंट भी मिल चुका है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके जरिए 100 लीटर माइक्रोएल्गी कल्चर मीडियम तैयार करने में मैक्रोन्यूट्रिएंट्स पर केवल 2.40 रुपये खर्च होते हैं, जबकि पारंपरिक बोल्ड्स बेसल मीडियम (बीबीएम) में यही लागत लगभग 43 रुपये आती है।

शोधकर्ताओं ने इस तकनीक की उपयोगिता साबित करने के लिए 10 हजार लीटर क्षमता वाले खुले तालाब में माइक्रोएल्गी की खेती का सफल प्रदर्शन भी किया। इस दौरान प्राकृतिक सूर्यप्रकाश और वातावरण में मौजूद कार्बन डाइऑक्साइड का इस्तेमाल किया गया। इससे जैव ईंधन, कार्बन कैप्चर और जैव आधारित उद्योगों के लिए कम लागत वाली तकनीक विकसित होने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

बिट्स पिलानी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर संदीप एस. देशमुख के अनुसार, माइक्रोएल्गी ऐसे सूक्ष्म जीव हैं, जो सूर्य के प्रकाश और कार्बन डाइऑक्साइड की मदद से प्रकाश संश्लेषण करते हुए अपना बायोमास तैयार करते हैं। इनका इस्तेमाल बायोडीजल और अन्य जैव ईंधन बनाने के साथ अपशिष्ट जल उपचार, कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषण, जैव उर्वरक तथा खाद्य और न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के निर्माण में किया जा सकता है।

हालांकि, इनकी बड़े पैमाने पर खेती में उत्पादन लागत एक बड़ी चुनौती रही है। पारंपरिक तरीकों में प्रयोगशाला में इस्तेमाल होने वाले शुद्ध रसायनों और विशेष पोषक माध्यमों की आवश्यकता पड़ती है, जिससे खेती महंगी हो जाती है। इसी समस्या का समाधान खोजते हुए शोधकर्ताओं ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कृषि-ग्रेड उर्वरकों से पोषक माध्यम तैयार करने का विकल्प विकसित किया। इसमें नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटेशियम और सल्फर जैसे आवश्यक पोषक तत्वों के स्रोत के रूप में सामान्य कृषि उर्वरकों का इस्तेमाल किया गया है। इससे महंगे प्रयोगशाला-ग्रेड रसायनों पर निर्भरता कम करने का रास्ता खुला है।

बायोलॉजिकल साइंसेज विभाग के प्रोफेसर के. प्रणव नारायण ने बताया कि तकनीक हस्तांतरण मूल्यांकन के दौरान नए पोषक माध्यम के 100 लीटर की तैयारी के लिए आवश्यक मैक्रोन्यूट्रिएंट्स की लागत लगभग 2.40 रुपये आंकी गई है। इसके मुकाबले पारंपरिक बोल्ड्स बेसल मीडियम में यही खर्च करीब 43 रुपये है।

हालांकि, औद्योगिक और गैर-कृषि उपयोग के लिए बिना सब्सिडी वाले उर्वरकों की कीमतों के आधार पर नए माध्यम की लागत लगभग 4.50 रुपये प्रति 100 लीटर तक हो सकती है। इस तरह दोनों स्थितियों में लागत में उल्लेखनीय कमी की संभावना है।

शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि यह तुलना केवल पोषक तत्वों की लागत पर आधारित है। माइक्रोएल्गी बायोमास या उससे तैयार होने वाले जैव ईंधन की कुल उत्पादन लागत का आकलन अलग से किया जाना बाकी है।

शोध दल ने विकसित पोषक माध्यम का परीक्षण कई चरणों में किया। शुरुआत नियंत्रित प्रयोगशाला परिस्थितियों से हुई। इसके बाद गैर-स्टेराइल खेती और खुले तालाबों में इसकी उपयोगिता जांची गई। सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि तब मिली, जब शोधकर्ताओं ने 10 हजार लीटर क्षमता वाले खुले तालाब में माइक्रोएल्गी की खेती सफलतापूर्वक प्रदर्शित की।

शोधार्थी डॉ. समा संघमित्रा ने बताया कि प्रयोगशाला में नियंत्रित परिस्थितियों में सफल होने वाली तकनीक को बड़े खुले सिस्टम में प्रभावी ढंग से लागू करना एक बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में खुले तालाब में सफल खेती का प्रदर्शन इस फॉर्मूलेशन की व्यावहारिक उपयोगिता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि इस पोषक माध्यम को तैयार करना भी आसान है। इसके सभी घटकों को सामान्य परिस्थितियों में मिलाकर सूखे पाउडर के रूप में सुरक्षित रखा जा सकता है। जरूरत पड़ने पर इसे पानी में घोलकर इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे इसके भंडारण, परिवहन और बड़े उत्पादन केंद्रों में उपयोग की संभावनाएं बढ़ती हैं।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, माइक्रोएल्गी का उपयोग केवल जैव ईंधन उत्पादन तक सीमित नहीं है। सूर्य के प्रकाश और कार्बन डाइऑक्साइड की मदद से बायोमास तैयार करने की क्षमता के कारण इन्हें कार्बन कैप्चर और अपशिष्ट जल उपचार जैसी गतिविधियों से भी जोड़ा जा सकता है। इसके अलावा इनके बायोमास से जैव उर्वरक, मिट्टी सुधारक, खाद्य सामग्री, न्यूट्रास्यूटिकल और विभिन्न जैव प्रौद्योगिकी उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। कम लागत वाला पोषक माध्यम उपलब्ध होने से इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर उत्पादन की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।

इस तकनीक को विकसित करने वाली टीम में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर संदीप एस. देशमुख, बायोलॉजिकल साइंसेज विभाग के प्रोफेसर के. प्रणव नारायण और शोधार्थी डॉ. समा संघमित्रा शामिल हैं। उनके नवाचार को 'माइक्रोएल्गी की बड़े पैमाने पर खेती के लिए न्यूट्रिएंट मीडियम कंपोजिशन' शीर्षक से भारतीय पेटेंट प्रदान किया गया है। इसका पेटेंट नंबर 603126 और आवेदन संख्या 202211003678 है। यह उपलब्धि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कृषि संसाधनों का इस्तेमाल कर जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में किफायती विकल्प विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

प्रयोगशाला और खुले तालाब में सफल परीक्षण के बाद अब शोधकर्ता इस तकनीक के औद्योगिक उपयोग की संभावनाएं तलाश रहे हैं। इसके लिए एक संभावित औद्योगिक भागीदार के साथ बातचीत चल रही है। संबंधित कंपनी ने माइक्रोएल्गी आधारित कार्बन कैप्चर, बायोमास उत्पादन और अन्य अनुप्रयोगों के लिए दो महीने के मूल्यांकन का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए लगभग पांच किलोग्राम पेटेंट प्राप्त फॉर्मूलेशन की मांग भी की गई है।

शोध दल जैव ईंधन, एल्गल बायोटेक्नोलॉजी और कार्बन प्रबंधन के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों के साथ सहयोग बढ़ाने की दिशा में प्रयासरत है। इसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर परीक्षण करना और तकनीक की आर्थिक एवं पर्यावरणीय उपयोगिता का आकलन करना है।

कुल मिलाकर, बिट्स पिलानी के शोधकर्ताओं का यह नवाचार माइक्रोएल्गी की खेती को सस्ता और व्यावहारिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यदि औद्योगिक स्तर पर भी इसके परिणाम सफल रहते हैं, तो यह भारत में जैव ईंधन उत्पादन, कार्बन प्रबंधन और जैव आधारित उद्योगों के लिए एक उपयोगी स्वदेशी तकनीक साबित हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी