home page

बिहार की बागडोर आज से होगी सम्राट चौधरी के हाथों में

 | 
बिहार की बागडोर आज से होगी सम्राट चौधरी के हाथों में


पटना, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल के नए नेता सम्राट चौधरी आज बिहार की बागडोर संभालने जा रहे हैं। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री चौधरी भाजपा के पहले और राज्य के 24 वें मुख्यमंत्री के रूप में आज सुबह 10.50 बजे लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी सम्राट चौधरी ने पहले भाजपा और बाद में एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद कल शाम राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को सरकार बनाने का लिखित दावा पेश किया।

उनके साथ केंद्रीयमंत्री शिवराज सिंह चौहान, जनता दल (संयुक्त) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीयमंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह, जीतनराम मांझी, पूर्व मंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, रालोमो के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एवं लोजपा (रा) के सांसद अरुण भारती भी थे। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे।

राज्य में सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया कल सुबह 11 बजे शुरू हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी कैबिनेट की अंतिम बैठक में शामिल हुए। उसके बाद अपने सरकारी निवास पहुंचे। वहां से 3ः15 बजे लोकभवन गए और राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंपा और सीधे आवास पर लौट आए। उनके साथ सम्राट चौधरी, पूर्व संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह भी लोकभवन गए ।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, शिवराज सिंह चौहान और बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े विशेष विमान से नई दिल्ली से पटना पहुंचे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष सुबह 9ः30 बजे पहुंच चुके थे। शिवराज चौहान कुछ देर राजकीय अतिथिशाला में ठहरे। फिर भाजपा कार्यालय पहुंचे। भाजपा दफ्तर में दोपहर 2ः30 बजे विधायक दल की बैठक हुई। पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता पद के लिए सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी और विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा की। राजग विधानमंडल दल की संयुक्त बैठक विधानसभा के केंद्रीय कक्ष में हुई। यहां नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को राजग विधायक दल का नेता घोषित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद