home page

हिन्दू संगठन किसी के विरोध में नहींः भैय्याजी जोशी

 | 
हिन्दू संगठन किसी के विरोध में नहींः भैय्याजी जोशी


पुणे, 04 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य भैय्याजी जोशी ने कहा कि हिंदुओं का संगठन किसी के विरोध में नहीं है बल्कि यह समाज में शांति, सत्य और न्याय के मूल्यों को स्थापित करने का माध्यम है।

पुणे के केसरीवाड़ा में आयोजित ‘संघ शिक्षा वर्ग’ के प्रकट समापन समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हिन्दू होने का गौरव एक ऐसी समाज रचना का प्रतीक है, जो सकारात्मक ऊर्जा के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ की शक्ति संहारक नहीं बल्कि सदैव संरक्षक भूमिका निभाने वाली है। भैय्याजी जोशी आगे ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी के विरोध में कार्य करना नहीं है बल्कि समाज की सज्जन शक्ति को संगठित कर सामाजिक परिवर्तन लाना है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज अब संघ के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है और उपेक्षा या उपहास का दौर पीछे छूट चुका है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत के उत्थान से ही विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। महर्षि अरविंद और स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक शक्ति को अनंत और अजेय बताया।संघ के शताब्दी यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने संगठन को समाप्त करने की बात कही थी, वे स्वयं समय के साथ अप्रासंगिक हो गए, जबकि संघ निरंतर विस्तार कर वैश्विक मंच पर मजबूत स्थिति में पहुंचा है।

इस प्रशिक्षण वर्ग में महाराष्ट्र भर से कुल 75 शिक्षार्थियों ने भाग लिया, जिनमें विभिन्न शैक्षणिक और पेशेवर पृष्ठभूमि के युवा शामिल थे। कार्यक्रम में 11 पूर्णकालिक शिक्षक और 15 स्वयंसेवक व्यवस्थापक के रूप में कार्यरत रहे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी