आईआईटी मुंबई में 21-22 मार्च को ‘भारत इनोवेट्स प्री-समिट’, धर्मेंद्र प्रधान करेंगे संबोधित
नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय भारत को डीप-टेक नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिलाने के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए 21–22 मार्च को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के रिसर्च पार्क में ‘भारत इनोवेट्स डीप-टेक प्री-समिट’ का आयोजन कर रहा है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान विशेष सत्र को संबोधित करेंगे।
शिक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि यह प्री-समिट देशभर से प्राप्त 3000 से अधिक आवेदनों में से चुने गए लगभग 137 उभरते डीप-टेक स्टार्टअप्स को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा। कार्यक्रम में 200 से अधिक स्टार्टअप संस्थापक, 70 से ज्यादा निवेशक और वेंचर कैपिटल प्रतिनिधि तथा 50 से अधिक उद्योग जगत के नेता शामिल होंगे।
उद्घाटन सत्र में भारत सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार अजय कुमार सूद सहित कई वरिष्ठ वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और नीति-निर्माता भाग लेंगे। इसके अलावा, शिक्षा मंत्रालय और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े शीर्ष अधिकारी तथा आईआईटी से जुड़े डीप-टेक उद्यमी भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
‘भारत इनोवेट्स’ पहल की घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के उद्घाटन के दौरान की थी। यह कार्यक्रम भारत के उच्च शिक्षा संस्थानों, स्टार्टअप्स और वैश्विक निवेशकों के बीच मजबूत साझेदारी स्थापित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
इस प्री-समिट में 13 प्रमुख तकनीकी क्षेत्रों जैसे एडवांस्ड कंप्यूटिंग, हेल्थकेयर एवं मेडटेक, स्पेस एवं डिफेंस, ऊर्जा एवं स्थिरता, सेमीकंडक्टर, बायोटेक्नोलॉजी, स्मार्ट सिटीज, एग्री-टेक और इंडस्ट्री 4.0 में नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
यह आयोजन भारत के डीप-टेक स्टार्टअप्स को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने, निवेश आकर्षित करने और अनुसंधान से बाजार तक की प्रक्रिया को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। साथ ही, यह कार्यक्रम जून 2026 में फ्रांस के नीस में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय इनोवेशन शोकेस के लिए भारतीय स्टार्टअप्स के चयन का भी आधार बनेगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत नवाचार को केंद्र में रखते हुए यह पहल ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

