home page

उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री माेदी समेत तमाम नेताओं ने भगत सिंह की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

 | 
उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री माेदी समेत तमाम नेताओं ने भगत सिंह की जयंती पर दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने सोमवार को शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

उपराष्ट्रपति ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। इस निडर क्रांतिकारी ने अटूट साहस और दृढ़ संकल्प के साथ भारत की आज़ादी के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी अदम्य भावना और देशभक्ति पीढ़ियों को प्रेरित करती रहती है। मैं उनकी अमिट विरासत को नमन करता हूं और भारत के इस अमर सपूत को सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भगत सिंह ने अपने अदम्य साहस और वीरता से स्वतंत्रता आंदोलन में नई ऊर्जा का संचार किया। देश के सम्मान के लिए सब कुछ न्योछावर कर देने की उनकी भावना भारत के युवाओं के साहस और संकल्प का प्रतीक है।

अमित शाह ने कहा कि भगत सिंह ने अपने जीवन से यह साबित कर दिया कि समाज और राष्ट्र के लिए संघर्ष करने की कोई उम्र या सीमा नहीं होती। एक ओर उन्होंने अपनी हिम्मत से ब्रिटिश शासन को निडर होकर चुनौती दी, तो दूसरी ओर भाषा और क्षेत्र के आधार पर बंटे युवाओं को एकजुट किया और उनमें आज़ादी की लौ जलाई। उनके बलिदान की चिंगारी ने आज़ादी की लड़ाई को एक प्रचंड आग में बदल दिया। भगत सिंह की देशभक्ति और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा के मार्ग पर प्रेरित करते रहेंगे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश की आज़ादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाले क्रांतिकारी, शहीद भगत सिंह ने न केवल ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई लड़ी, बल्कि अपनी कलम और विचारों के माध्यम से सामाजिक असमानता और समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ भी आवाज़ उठाई। उनका साहस, वैचारिक दृढ़ता और एक न्यायपूर्ण समाज का सपना आज भी लाखों युवाओं को प्रेरित करता है।

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि भगत सिंह का अदम्य साहस और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों तक सभी देशभक्तों को मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

केन्द्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि माँ भारती की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का भगत सिंह का अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान हमारे देश की अमूल्य धरोहर है। उनका समर्पण, वीरता और कर्तव्य-बोध सभी को सदैव राष्ट्र-हित के प्रति समर्पित रहने और एकता की भावना को सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी