पश्चिम बंगाल में सुबह 11 बजे तक 41.11 प्रतिशत वोटिंग, पश्चिम मेदिनीपुर सबसे आगे
कोलकाता, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग के शुरुआती 4 घंटों में यानी सुबह 11 बजे तक कुल 41.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राज्यभर में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और कई केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आईं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 11 बजे तक सबसे अधिक मतदान पश्चिम मेदिनीपुर जिले में 44.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके बाद झाड़ग्राम में 43.71 प्रतिशत, बांकुड़ा में 43.22 प्रतिशत और पूर्व मेदिनीपुर में 42.16 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसके अलावा बीरभूम में 41.92 प्रतिशत, मुर्शिदाबाद में 41.59 प्रतिशत, दक्षिण दिनाजपुर में 41.17 प्रतिशत और पश्चिम बर्धमान में 40.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं सबसे कम मतदान मालदा जिले में 38.22 प्रतिशत रहा। इसके बाद कूचबिहार में 38.67 प्रतिशत, अलीपुरद्वार में 38.8 प्रतिशत और उत्तर दिनाजपुर में 39.04 प्रतिशत मतदान हुआ।
उत्तर बंगाल के अन्य जिलों में दार्जिलिंग में 39.72 प्रतिशत, कलिम्पोंग में 39.61 प्रतिशत और जलपाईगुड़ी में 39.51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पुरुलिया में 39.16 प्रतिशत वोट पड़े।
राज्य के कई इलाकों में सुबह से महिलाओं, बुजुर्गों और युवा मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखी गई। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मतदान प्रक्रिया जारी है। निर्वाचन आयोग ने उम्मीद जताई है कि दिन बढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और इजाफा होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

