मीराबाई चानू को अर्जुन पुरस्कार देने की सिफारिश, आयुष मंत्री ने लिखा पत्र
नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव गणपतराव जाधव ने देश की स्टार भारोत्तोलक और ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू को इस वर्ष अर्जुन पुरस्कार प्रदान किए जाने की सिफारिश की है।
इस संबंध में शुक्रवार को केंद्रीय आयुष मंत्री ने केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर मीराबाई चानू की उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों और भारतीय भारोत्तोलन में उनके योगदान का उल्लेख किया। पत्र में उन्होंने कहा कि मणिपुर की इस खिलाड़ी ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है और कई अवसरों पर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक भी दिलाया।
पत्र में उन्होंने 48 किलोग्राम वर्ग में चानू के रिकॉर्ड प्रदर्शन, स्नैच, क्लीन एंड जर्क तथा कुल भार उठाने की श्रेणियों में उनकी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
जाधव ने कहा कि मीराबाई चानू को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, पद्मश्री और ओलंपिक पदक जैसे सर्वोच्च सम्मान मिल चुके हैं लेकिन बचपन से देखा गया उनका अर्जुन पुरस्कार पाने का सपना अब तक पूरा नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि मणिपुर के एक छोटे से गांव से निकल कर विश्व स्तर की भारोत्तोलक बनने तक मीराबाई चानू की यात्रा संघर्ष, समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रेरक उदाहरण है। उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित करना भारतीय खेल जगत में उनके अमूल्य योगदान का उचित सम्मान होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

