home page

श्री राम जन्म भूमि मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ जितेंद्र मिश्र ने पहली बैठक में लिया हिस्सा

 | 
श्री राम जन्म भूमि मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ जितेंद्र मिश्र ने पहली बैठक में लिया हिस्सा


-भगवान श्रीराम ने अब राम मंदिर और राम भक्तों की सेवा का दोबारा मौका दिया है : जितेंद्र मिश्रा

अयोध्या, 03 सितंबर (हि.स.)। श्री राम जन्म भूमि मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ जितेंद्र मिश्रा ने गुरुवार को पहली बैठक में हिस्सा लिया है। पहली बैठक को सीईओ ने परिचयात्मक बैठक बताया। बैठक में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों ने एक-दूसरे के बारे में जानकारी हासिल की। सदस्यों ने एक-दूसरे की कार्यशैली को समझने का प्रयास किया।

सीईओ अगले दो से पांच दिनों तक ट्रस्ट के साथ बैठकर कामकाज समझेंगे। ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को पूरी तरह समझने के बाद ही औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण करेंगे। पत्रकाराें से मुखातिब जितेन्द्र मिश्र ने अपने भारतीय वायु सेना के लंबे सेवा अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 17 साल की उम्र में देवरिया के गांव से निकलकर राष्ट्र सेवा की शुरुआत की थी। करीब 60 साल की उम्र तक भारतीय वायु सेना में सेवा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अब राम मंदिर और राम भक्तों की सेवा का दोबारा मौका दिया है।

उन्होंने कहा कि चयन समिति का धन्यवाद है और ट्रस्ट का भी धन्यवाद है। प्रभु श्री राम की है कृपा है। देश की सेवा के बाद राम भक्तों की सेवा करने का अवसर मिलने से मेरा हृदय भावुक है। मेरे जीवन की यह बड़ी अनुभूति है। एक बार राष्ट्र सेवा और आज राम की सेवा, राम भक्त और राम मंदिर ट्रस्ट की सेवा का अवसर मिला है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय