home page

अंबाला में आरडीएक्स के साथ पकड़ा गया अजमेर का ऑटो चालक, परिवार बोला– ब्रेनवॉश कर फंसाया गया

 | 
अंबाला में आरडीएक्स के साथ पकड़ा गया अजमेर का ऑटो चालक, परिवार बोला– ब्रेनवॉश कर फंसाया गया


अंबाला में आरडीएक्स के साथ पकड़ा गया अजमेर का ऑटो चालक, परिवार बोला– ब्रेनवॉश कर फंसाया गया


अजमेर, 15 मार्च (हि.स.)। अजमेर के दिल्ली गेट स्थित लौंगिया मोहल्ला निवासी ऑटो चालक अली अकबर को हरियाणा के अंबाला में विस्फोटक के साथ पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार वह पाकिस्तान से भेजे गए आरडीएक्स के जरिए हनुमानगढ़ में ब्लास्ट की साजिश में शामिल था। इससे पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने अली अकबर और उसके दो साथियों को पकड़ लिया। तीनों आरोपियों के पास से करीब दो किलो आरडीएक्स, आईईडी और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के इशारे पर ड्रोन के माध्यम से अमृतसर में आरडीएक्स और अन्य सामग्री भेजी गई थी, जिसे आगे साजिश को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया जाना था।

अली अकबर के भाई अली असगर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनका भाई 8 मार्च को सुबह छह बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह जयपुर होते हुए दिल्ली घूमने जा रहा है। इसके लिए वह घर से एक हजार रुपये लेकर गया था। रात को उसने फोन कर खर्च के लिए और पैसे मांगे, जिस पर फोन-पे के जरिए 500 रुपये भेजे गए। इसके बाद 9 मार्च से उसने परिवार के फोन उठाने बंद कर दिए।

अली असगर ने कहा कि 14 मार्च को समाचारों के माध्यम से ही उन्हें पता चला कि उनका भाई आतंकी गतिविधियों के आरोप में पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि हम सरकार के साथ हैं। जैसा देश उसे सजा देगा, हम उस सजा में शामिल हैं। जिसने भी उसका माइंडवॉश किया है, उसे भी पकड़ा जाए। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनका भाई मर जाता तो शायद ज्यादा अच्छा होता, क्योंकि अब परिवार को समाज में बदनामी झेलनी पड़ेगी। अली असगर ने बताया कि अली अकबर अजमेर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो से अजमेर दरगाह शरीफ तक जायरीनों को लाने-ले जाने का काम करता था।

परिवार के अनुसार अली अकबर की शादी वर्ष 2020 में सोजत में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि पिता ने मेहनत-मजदूरी कर करीब 20 साल में घर बनाया और 10 साल तक कर्ज चुकाया, लेकिन यह समझ नहीं आया कि वह ऐसे लोगों के संपर्क में कैसे आ गया।

मामले के बाद सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने अजमेर में उसके घर पहुंचकर दस्तावेज और अन्य जानकारी जुटाई है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष