भारत में 500 मिलियन डॉलर निवेश करेगा ऑस्ट्रेलियनसुपर, पीएम मोदी ने किया स्वागत
नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को भारत के नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (एनआईआईएफ) में ऑस्ट्रेलियनसुपर के 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के अतिरिक्त निवेश का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह निवेश भारत की आर्थिक प्रगति और सुधारों पर वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा कि ऑस्ट्रेलियनसुपर का नया निवेश भारत की विकास यात्रा में दुनिया के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि ये यह भारत की तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था में मौजूद विशाल निवेश अवसरों का भी प्रमाण है। इस निवेश की घोषणा मेलबर्न में आयोजित ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक लीडर्स समिट के दौरान की गई।
इस निवेश की घोषणा आज सुबह मेलबर्न में कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पॉल श्रोडर ने किया। ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े पेंशन फंड ऑस्ट्रेलियनसुपर के सीईओ पॉल श्रोडर ने 500 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के अतिरिक्त निवेश की जानकारी दी। अब इस निवेश के बाद भारत में सभी एसेट क्लास में ऑस्ट्रेलियनसुपर का कुल निवेश बढ़कर 3.3 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर हो गया है।
वर्ष 2015 में स्थापित नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (एनआईआईएफ) का उद्देश्य भारत के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में दीर्घकालिक संस्थागत निवेश को आकर्षित करना है। वर्तमान में ऑस्ट्रेलियनसुपर भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर, इक्विटी और प्राइवेट मार्केट में लगभग 2.8 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का निवेश कर चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

