home page

असम में तीन तस्कर गिरफ्तार, 12.5 करोड़ का मादक पदार्थ बरामद

 | 
असम में तीन तस्कर गिरफ्तार, 12.5 करोड़ का मादक पदार्थ बरामद


गुवाहाटी, 01 अगस्त (हि.स.)। असम पुलिस की एसटीएफ एवं कामरूप जिले की अमीनगांव पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाते हुए 12.5 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ बरामद करने के साथ ही तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

असम पुलिस के सीपीआरओ ने शनिवार काे बताया है कि पुख्ता जानकारी मिली थी कि काकचिंग (मणिपुर) से निचले असम के एक ज़िले में गाड़ी (एएस-11एए- 6800) से नशीले पदार्थों की एक खेप ले जाई जाएगी।

इस जानकारी के आधार पर, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और कामरूप जिले की पुलिस ने अमीगांव में गाड़ी को रोका और उसमें मणिपुर के तीन लोग मिले। जिनकी पहचान ताबिश (24, ड्राइवर), थेकचम अविनाश सिंह (41, को-ड्राइवर) और नोंगमैथेम बिस्वजीत (38) के रूप में की गयी है।

गाड़ी के गुप्त स्थानों में छिपाकर रखी गई 50 हज़ार याबा गोलियां (जिनमें मेथामफेटामाइन था) बरामद की गईं, जिनका वज़न 5 किलो था। इसके अलावा, 5 साबुनदानी में छुपाकर रखे गये हेरोइन भी बरामद किए गए, जिनका वज़न 67.5 ग्राम था। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बरामद नशीले पदार्थों की बाज़ार कीमत 12.5 करोड़ है, जबकि सीआईडी के अनुसार इनकी कीमत 7.5 करोड़ रुपये है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय