home page

(अपडेट) असम : लाहरीघाट नाव हादसा, पानी में डूबे दो लोगों की तलाश जारी

 | 
(अपडेट) असम : लाहरीघाट नाव हादसा, पानी में डूबे दो लोगों की तलाश जारी


(अपडेट) असम : लाहरीघाट नाव हादसा, पानी में डूबे दो लोगों की तलाश जारी


मोरीगांव (असम), 28 सितंबर (हि.स.)। मोरीगांव जिलांतर्गत लाहोरीघाट थाना क्षेत्र के मोहमारी पथार इलाके में ब्रह्मपुत्र नदी में हादसे का शिकार होने के बाद नदी में डूबे दो लोगों की आज दूसरे दिन भी तलाश जारी है। एसडीआरएफ की टीम एक महिला एवं एक पुरुष की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।

घटना के अनुसार लाहोरीघाट पुलिस थाने को रविवार रात 7 बजे के आसपास सूचना मिली कि ब्रह्मपुत्र नदी में मोहमारी पथार इलाके में एक हस्तनिर्मित नाव पलट गयी है। मौके पर लाहोरीघाट एवं भेलोगुरी थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस बीच मोइराबारी एसडीआरएफ की टीम भी सूचना पाकर मौके पर पहुंच गयी।

शुरुआती जांच में पता चला कि 11 लोगों को लेकर एक हस्तनिर्मित नाव पास के चर (नदी के बीच का द्वीप) इलाके से ब्रह्मपुत्र नदी को पार कर रही थी। इसी दौरान नाव नदी में पलट गयी। घटना के बाद 7 लोगों को तुरंत बचा लिया गया। वहीं अन्य दो लोगों को बचाया गया। काफी खोजबीन के बावजूद दो लोगों का पता नहीं चल सका। बचाए गये लोगों में चार लोगों की स्थिति गंभीर देखते हुए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे में लापता लोगों की पहचान अफिया खातून (28, गांव बेटाबोरी, मोरीगांव) और सैदुल इस्लाम (58, गांव बोलोबारी, मोरीगांव) के रूप में की गयी है। अंतिम सूचना मिलने तक एसडीआरएफ की टीम, पुलिस टीम और मछुआरे ब्रह्मपुत्र नदी में लापता लोगों की तलाश जारी रखे हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय