home page

सनातन आस्था का अपमान करने के मामले में खरगे के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

 | 
सनातन आस्था का अपमान करने के मामले में खरगे के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज


गुवाहाटी, 07 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई ने कांग्रेस पर सनातन सभ्यता और धार्मिक आस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रंजीब शर्मा ने मंगलवार को गुवाहाटी स्थित बशिष्ठ थाना में इस संबंध में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई।

पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस ने अपने स्तर को गिराते हुए पवित्र प्रतीकों को निशाना बनाया है। भाजपा के अनुसार, 6 अप्रैल को श्रीभूमि जिले के नीलामबाजार में आयोजित एक चुनावी सभा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणियां हिंदू धर्म और परंपराओं का सीधा अपमान हैं।

भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व संविधान की बात करता है, लेकिन उसके कार्य सभी धर्मों के सम्मान की मूल भावना के विपरीत हैं। पार्टी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा पर प्रतिबंध लगाने की मांग को राजनीतिक असहिष्णुता का प्रतीक बताया और इसे कांग्रेस नेतृत्व की सोच पर प्रश्नचिह्न बताया।

भाजपा का कहना है कि सनातन परंपरा में प्रकृति और जीव-जंतुओं को पवित्र माना जाता है, लेकिन कांग्रेस ने वोटों के ध्रुवीकरण के उद्देश्य से भगवान शिव से जुड़े प्रतीकों को ‘हानिकारक’ बताने का प्रयास किया, जिससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

भाजपा प्रवक्ता प्रांजल कलिता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर सनातन संस्कृति को कमजोर करने और अन्य धर्मों को श्रेष्ठ दिखाने की कोशिश कर रही है, ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके। उन्होंने कहा कि इस तरह की विभाजनकारी राजनीति को जनता पहले ही खारिज कर चुकी है।

इस मामले में असम भाजपा ने बशिष्ठ थाने में एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही असम राज्य निर्वाचन आयोग के समक्ष भी शिकायत प्रस्तुत की है। पार्टी ने मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ बयान देने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने या चुनावी मंचों का दुरुपयोग कर समाज में विभाजन फैलाने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश