असम : जोरहाट व सिलचर में स्थापित होंगे अत्याधुनिक डेटा सेंटर, एयरटेल के साथ असम सरकार ने किया समझौता
- पहले चरण में 705 करोड़ रुपये का निवेश, असम में एयरटेल की कुल डेटा सेंटर क्षमता 40 मेगावाट होगी
गुवाहाटी, 25 नवंबर (हि.स.): असम को पूर्वोत्तर का डिजिटल प्रवेशद्वार बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य के जोरहाट और सिलचर में दो अत्याधुनिक डेटा सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इस संबंध में बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की उपस्थिति में असम सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और भारती एयरटेल लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौता ज्ञापन पर सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की आयुक्त एवं सचिव नंदिता दत्ता तथा भारती एयरटेल की असम एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र की सर्किल हेड (कॉमर्शियल) प्रियंका जैन ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि असम सरकार और भारती एयरटेल के बीच यह दीर्घकालिक साझेदारी राज्य के आर्थिक एवं तकनीकी विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार असम को केवल डिजिटल सेवाओं का उपभोक्ता नहीं, बल्कि देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था में योगदान देने वाला प्रमुख राज्य बनाना चाहती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जोरहाट में लगभग चार एकड़ भूमि पर 10 मेगावाट क्षमता वाला डेटा सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिसमें शुरुआती तौर पर 200 करोड़ का निवेश होगा। इसी तरह सिलचर में लगभग पांच एकड़ भूमि पर 15 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए 255 करोड़ का प्रारंभिक निवेश किया जाएगा।
दोनों परियोजनाओं पर कुल 455 करोड़ खर्च होंगे और इनके माध्यम से लगभग 164 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके अलावा निर्माण, इंजीनियरिंग, सुरक्षा और रखरखाव जैसे क्षेत्रों में अप्रत्यक्ष रोजगार भी सृजित होंगे।
डॉ. सरमा ने बताया कि गुवाहाटी के बोंगोरा स्थित आईटी पार्क में एयरटेल का 15 मेगावाट क्षमता वाला डेटा सेंटर पहले से निर्माणाधीन है। इस परियोजना पर 250 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं और इसके मार्च 2028 तक पूरा होने की संभावना है।
तीनों डेटा सेंटर के पूरा होने के बाद असम में भारती एयरटेल की कुल डेटा सेंटर क्षमता 40 मेगावाट हो जाएगी। इन परियोजनाओं में पहले चरण का कुल निवेश 705 करोड़ रुपये होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जागीरोड स्थित सेमीकंडक्टर विनिर्माण परियोजना के साथ दो अतिरिक्त डेटा सेंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और औद्योगिक निवेश को केवल गुवाहाटी तक सीमित न रखकर राज्य के सभी क्षेत्रों तक पहुंचाना है। जोरहाट और सिलचर में डेटा सेंटर स्थापित होने से ऊपरी असम तथा बराक घाटी में तकनीकी विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि भारती एयरटेल अब तक असम में लगभग 10,645 करोड़ रुपये का निवेश कर चुकी है। कंपनी राज्य में 8,600 से अधिक दूरसंचार साइट संचालित कर रही है और उसका ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क 23,000 किलोमीटर से अधिक लंबा है। असम में एयरटेल के 1.21 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं। इसके अलावा एयरटेल पेमेंट्स बैंक राज्य के सभी जिलों में 23 लाख से अधिक ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है। कंपनी असम में अपने 4जी और 5जी नेटवर्क के विस्तार के लिए अतिरिक्त 1,500 करोड़ का निवेश करने की तैयारी में है।
कार्यक्रम में सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. रानोज पेगू, मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा, विभाग के प्रधान सचिव केएस गोपीनाथ नारायण, भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष राजन भारती मित्तल तथा राज्य सरकार और भारती एयरटेल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

