home page

असम : दो सड़क हादसे में पांच युवक की मौत, तीन घायल

 | 
असम : दो सड़क हादसे में पांच युवक की मौत, तीन घायल


गुवाहाटी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। असम के दरंग एवं तिनसुकिया जिलों में दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत हो गयी। जबकि, तीन युवक घायल हो गये।

दरंग जिला मुख्यालय शहर मंगलदोई में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर बीती देर रात दुखद घटना हुआ। पूजा देखकर घर लौटते समय तीन युवकों की मौत हो गयी। यह हादसा कार (एएस-01डीएम-7873) और ट्रेलर ट्रक (एमके-46एएफ-7002) में टक्कर के चलते हुई। हादसे में मौके पर ही अंकुज दास और प्रतीम दास की मौत हो गयी। जबकि मिथुन साहू की अस्पताल पहुंचाने के दौरान मौत हो गयी। कार में सवार अन्य दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताए गये हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

तिनसुकिया जिलांतर्गत जागुन में दस माइल के पास विष्णु मंदिर के निकट बीती देर रात दुर्गा पूजा समारोह के दौरान एक बाइक की सुजुकी एक्सप्रेस गाड़ी से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान अबार गांव निवासी अविनाश थापा (21) और साहिल राय (22) के रूप में हुई है। टक्कर में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल एक अन्य युवक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उसे आगे के इलाज के लिए डिब्रूगढ़ रेफर कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय