home page

असम में बाढ़ पुनर्वास को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत ने किरेन रिजिजू से की मुलाकात

 | 
असम में बाढ़ पुनर्वास को लेकर मुख्यमंत्री हिमंत ने किरेन रिजिजू से की मुलाकात


गुवाहाटी, 02 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात कर राज्य में हालिया बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने हाल ही में असम का दौरा कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान मंत्री ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

डॉ. सरमा ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों के पुनर्वास और आजीविका की बहाली के लिए प्रयासों को और तेज करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार मिलकर प्रभावित परिवारों के जीवन को सामान्य बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी एक्स पर बैठक की जानकारी देते हुए असम सरकार द्वारा मानसून के दौरान बाढ़ से लोगों की सुरक्षा के लिए उठाए गए सक्रिय कदमों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में असम विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

बैठक में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव केके द्विवेदी तथा असम भवन की रेजिडेंट कमिश्नर कविता पद्मनाभन भी उपस्थित थीं। बैठक में बाढ़ राहत, पुनर्वास तथा दीर्घकालिक पुनर्निर्माण के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश