home page

रूनीखाता हिंसा के बाद चिरांग में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य, चार गिरफ्तार

 | 
रूनीखाता हिंसा के बाद चिरांग में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य, चार गिरफ्तार


चिरांग (असम), 17 अप्रैल (हि.स.)। असम के चिरांग जिले के रूनीखाता फॉरेस्ट रेंज कार्यालय में हुई हिंसक घटना के बाद क्षेत्र की स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

स्थिति का जायजा लेने और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए चार जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी से स्थानीय लोगों में विश्वास बहाल करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली है।

घटना के संबंध में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर हिंसा और आगजनी में शामिल होने का आरोप है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच जारी है और आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नोमल महता समेत अन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत कर तनाव कम करने और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। प्रशासन ने बताया कि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित रखने के लिए लगातार संवाद जारी है।

क्षेत्र में अभी भी सुरक्षा बल तैनात हैं, हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।

बता दें कि, वन भूमि पर अतिक्रमण के आरोप में वन विभाग एवं पुलिस ने 25 आदिवासी लोगों को बीते गुरुवार को हिरासत में लिया था। हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों को रुनीखाता फॉरेस्ट रेंज कार्यालय में रखा गया था। इस कार्रवाई से नाराज लोगाें ने सुबह कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। आक्रोशित भीड़ ने वन विभाग के कई वाहनों और कार्यालय परिसर में आग लगा दी। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश