home page

असम : कछार में 4.5 करोड़ की मादक पदार्थ बरामद, तीन महिला समेत छह ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार

 | 
असम : कछार में 4.5 करोड़ की मादक पदार्थ बरामद, तीन महिला समेत छह ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार


कछार (असम), 04 जून (हि.स.)। असम के विभिन्न जिलाें में नशा-विरोधी अभियान लगातार जारी है। इस कड़ी में पुलिस ने कछार जिले की विभिन्न इलाकों में चलाए गये अलग-अलग अभियानों में तीन महिला समेत छह ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया है। वहीं, लगभग 4.5 करोड़ मूल्य की मादक पदार्थ भी बरामद किया है।

कछार जिला पुलिस मुख्यालय ने गुरुवार काे बताया कि उदारबंद पुलिस स्टेशन के अंतर्गत, विश्वसनीय जानकारी के आधार पर, इंट्रा बी-10 ट्रक (एएस-11डीसी-8629) से कुल 8010 बोतलें (100 एमएल) कोडीन कफ सिरप और 150 पैकेट ट्रामाडोल टैबलेट (प्रत्येक पैकेट में 10 स्ट्रिप और एक स्ट्रिप में 24 टैबलेट, यानी कुल 36,000 टैबलेट) बरामद की गईं। एक ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान ग्यासुद्दीन लस्कर के रूप में हुई है।

एक अन्य अभियान में कलाइन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत दिगोरखाल क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में, कलाइन की ओर आ रहे एक ट्रक (एएस-01ईसी-2533) को रोका गया। ट्रक से 14 साबुनदानी में रखी 170 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। इस मामले में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान आजाद उद्दीन के रूप में की गयी है।

इसी बीच जिला मुख्यालय शहर सिलचर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत, फतोक बाजार के पास, नशीले पदार्थों की छोटी-मोटी तस्करी करने वाले एक व्यक्ति (तस्कर) अजीम उद्दीन लस्कर उर्फ 'काला' को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान, उसके कब्जे से संदिग्ध हेरोइन से भरी कुल 35 शीशियां बरामद की गईं, जिनका वजन लगभग 1.7 ग्राम था।

जबकि, सिलचर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत, सिलचर रेलवे स्टेशन के पास, नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाली एक महिला- गुल निहार बेगम लस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 15 साबुनदानी में रखी 298 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई।

इस बीच सोनाई पुलिस स्टेशन के अंतर्गत रश्मीना बेगम (31) और ममताज बेगम चौधरी (37) को गुप्त सूचना के आधार पर सोनाई बाजार से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों महिलाएं जिरिघाट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत माखन नगर बस्ती की निवासी हैं। तलाशी के दौरान, उनके कब्जे से संदिग्ध हेरोइन से भरी 11 साबुनदानी बरामद की गईं। बरामद संदिग्ध हेरोइन का कुल वजन 122 ग्राम था। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय