home page

असम विधानसभा चुनाव : जोरहाट से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई हारे, भाजपा उम्मीदवार विजयी

 | 

गुवाहाटी, 04 मई (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव के मतगणना में साेमवार सुबह से भाजपा गठबंधन ने जो बढ़त बनाई, उसके नतीजे भी अब सामने आने लगे हैं। 100 नंबर वाली जोरहाट विधानसभा क्षेत्र असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व लाेकसभा सांसद गौरव गोगोई को भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने परास्त कर दिया है। जोरहाट में कुल 14 राउंड की गिनती हुई।

पेशे से अधिवक्ता हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने गौरव गोगोई को 23,182 मतों के अंतर से पराजित किया है। गोस्वामी को कुल 69,439 मत मिले हैं। वहीं, गौरव गोगोई को 46,257 मत मिले हैं। नोटा पर 1319 मत दर्ज हुए हैं।

वहीं, असम सरकार के मंत्री एवं भाजपा नेता डॉ. रनोज पेगु ने धेमाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार सैलेन सोनोवाल को 32229 मतों के अंतर से पराजित किया है। डॉ. रनोज पेगु को कुल 83649 मत मिले हैं। वहीं, सोनोवाल को कुल 51420 मत मिले हैं। जबकि, नोटा पर 1197 मत दर्ज हुए हैं। धेमाजी में कुल 17 राउंड की गिनती हुई।

इसके अलावा, माजबाट विधानसभा से भाजपा गठबंधन वाली बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) उम्मीदवार चरन बोडो ने जीत हासिल की है। चरन बोडो को कुल 84,718 मत मिले हैं। बोडो ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) उम्मीदवार प्रीती रेखा बारला को 55,546 मतों के अंतर से पराजित किया है। --------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय