home page

अरुणाचल प्रदेश देश की रक्षा में निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका : उपराष्ट्रपति

 | 
अरुणाचल प्रदेश देश की रक्षा में निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका : उपराष्ट्रपति


अरुणाचल प्रदेश देश की रक्षा में निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका : उपराष्ट्रपति


अरुणाचल प्रदेश देश की रक्षा में निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका : उपराष्ट्रपति


-सीपी राधाकृष्णन ने राज्य को बताया भारत का ‘संरक्षक’, कीवी उत्पादन की सराहना की

ईटानगर, 09 सितंबर (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के सातवें विशेष सत्र के दूसरे दिन सदन को संबोधित करते हुए राज्य को भारत का ‘संरक्षक’ बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित अरुणाचल प्रदेश देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने राष्ट्र के विकास समेत विभिन्न क्षेत्रों में राज्य के लोगों के योगदान की सराहना की।

उपराष्ट्रपति ने अरुणाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य ने पिछले कुछ वर्षों में सड़क एवं हवाई संपर्क के साथ-साथ कृषि और बागवानी के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति की है। उन्होंने राज्य में कीवी के बड़े पैमाने पर उत्पादन की सराहना करते हुए अरुणाचल प्रदेश को ‘भारत की कीवी राजधानी’ घोषित किया।

इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष टेसम पोंगटे ने सदन में उपराष्ट्रपति का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के.टी. परनायक, मुख्यमंत्री पेमा खांडू और विधानसभा के सभी सदस्य मौजूद रहे।

दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति ने विधानसभा संग्रहालय और फोटो गैलरी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने ईटानगर स्थित न्यादार नामलो (प्रार्थना हॉल), जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय और सुनने एवं देखने में अक्षम लोगों के लिए संचालित डोनी पोलो मिशन स्कूल का दौरा किया।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन मंगलवार को मणिपुर से अरुणाचल प्रदेश पहुंचे थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी